उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जहां सात वर्ष की उम्र से दुष्कर्म झेल रही महिला द्वारा उम्र के 35वें पड़ाव पर आकर न्याय के लिए खड़े होने की घटना सुर्खियों में है। बन्नादेवी पुलिस ने आईजीआरएस/मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई शिकायत की जांच करते हुए प्रकरण महिला थाना भेज दिया। जहां देर रात महिला की मां व उसके सौतेले पिता, चाचा, भाई आदि पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा था। जिसमें बचपन से लेकर अब तक हुए घटनाक्रम का उल्लेख है।
सासनी गेट इलाके की महिला ने यह शिकायत अधिकारियों के साथ-साथ महिला आयोग सहित अन्य पटलों पर भेजी थी। जिसमें अपने साथ सौतेले चाचा द्वारा बचपन से किए गए दुष्कर्म और अब फिर जीवन से खिलवाड़ के प्रयास के आरोप लगाए हैं। इस मामले में पति के सहयोग करने और बातचीत के दौरान मारपीट आदि के आरोप हैं। जिसकी जांच बन्नादेवी पुलिस ने जांच कर पाया कि प्रकरण कई थानों से जुड़ा है। इसलिए अधिकारियों को अवगत कराया और प्रकरण महिला थाना भेज दिया।
मामला सासनी गेट थाना क्षेत्र का है। मोहल्ले की रहने वाली 36 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि पिता की 1988 में सड़क हादसे में मौत के बाद मां ने घर में ही काम करने वाले एक व्यक्ति से दूसरा विवाह किया था, जो कि बरला थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। सौतेले पिता के छोटे भाई ने बलात्कार व शारीरिक शोषण उस वक्त शुरू किया, जब वह महज सात वर्ष की थी। मां को चाचा की हरकत के बारे में बताया तो मां ने चुप रहने की हिदायत दी। इधर, चाचा लगातार संबंध बनाता रहा। 11 वर्ष की उम्र के दरमियान सौतेले पिता के एक और भाई ने बलात्कार किया।
2011 में नेवी में तैनात एक सैनिक के साथ शादी हुई। 29 जुलाई 2021 को सौतेला भाई ससुराल से बुलाकर प्रेम नगर कॉलोनी, थाना बन्नादेवी ले गया। वहां मारा पीटा। संबंध बनाने की कोशिश की। इस मामले में मां, सौतेले चाचाओं, सौतेले भाई व सौतेले पिता के मुकदमे की मांग की गई है।
सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय ने बताया कि मामले में महिला की मां, सौतेले पिता, चाचा, भाई आदि पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बाकी जांच की जाएगी। जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई तय की जाएगी।