Asia Cup : छठी बार श्रीलंका के सिर सजा एशिया का ताज ; रंग लाई गेंदबाजों की मेहनत

Asia Cup 2022


विजयरथ पर सवार श्रीलंका के सिर पर रविवार को एशिया कप 2022 का ताज सज गया। श्रीलंका ने दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान को 23 रन से धूल चटाई। बता दें कि श्रीलंका टीम छठी बर एशिया कप चैंपियन बनी है। श्रीलंका ने खराब शुरुआत के बाद भानुका राजपक्षे की अर्धशतकीय पारी के दम पर 170 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान टीम निर्धारित 20 ओवर में 147 रन पर ढेर हो गई। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने फिफ्टी ठोकी। श्रीलंका के लिए  प्रमोद मधुशन ने 4, वनिंदु हसरंगा ने 3, चमिका करुणारत्ने ने 2 और महीश थीक्षणा ने 1 विकेट चटकाया।

बाबर आजम का फ्लॉप शो जारी

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। मोहम्मद रिजवान और कप्तान बाबर आजम ने पहले विकेट के लिए 22 रन जोड़े। बाबर का एशिया कप के फाइनल में भी फ्लॉप शो जारी रहा। वह 6 गेंदों में 5 रन बनाकर प्रमोद मधुशन का शिकार बन गए। उन्होंने चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर दिलशान मधुशंका को कैच थमाया। मधुशन ने तीसरी गेंद पर फखर जमान (0) को बोल्ड कर पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया। 

रिजवान-इफ्तिखार की पार्टनरशिप

इसके बाद रिजवान और इफ्तिखार अहमद ने तीसरे विकेट के लिए 71 रन की पार्टनरशिप की। यह साझेदारी 14वें ओवर में इफ्तिखार के आउट होने के बाद टूटी, जिन्हें मधुशन ने अशेन बंडारा के हाथों लपकवाया। इफ्तिखार ने 31 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 32 रन जुटाए। इफ्तिखार के 93 कुल स्कोर पर पवेलियन लौटने के बाद पाकिस्तान टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। 

वनिंदु हसरंगा ने किए तीन शिकार

वनिंदु हसरंगा ने 17वें ओवर में तीन तगड़े झटके दिए और पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। हसरंगा ने पहली गेंद पर रिजवान को दनुष्का गुणथिलका के हाथों लपकवाया। उन्होंने 49 गेंदों में 55 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का मारा। आसिफ (0) तीसरी गेंद पर बोल्ड हुए। खुशदिल शाह (2) ने पांचवीं गेंद पर थीक्षणा को कैच थमाया। 

वहीं, महीश थीक्षणा ने 18वें ओवर में शादाब खान (8) को अपने जाल में फंसाया। नसीम शाह (4) 19वें ओवर में  मधुशन का शिकार बने। करुणारत्ने ने हारिस रऊफ (13) को आखिरी ओवर में बोल्ड कर पाकिस्तान की टीम पारी को समेटा। मोहम्मद हसनैन (7*) नाबाद रहे। पाकिस्तान टीम को आखिरी तीन ओवर में जीते के लिए 59 रन चाहिए थे पर वो 23 रन ही जुटा सकी।

ऐसा रहा श्रीलंका की पारी का हाल

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन जुटाए। नसीम शाह ने पहले ओवर में सलामी बल्लेबाज कुसल मेंडिस (0) को बोल्ड कर दिया। दूसरे ओपनर पाथुम निसांका (8) चौथे ओवर में हारिस रऊफ का शिकार बने। निसांका ने बड़ा शॉट मारने के चक्कर में बाबर आजम को कैच थमाया। दनुष्का गुणथिलका (1) का बल्ला भी नहीं चला। उन्हें रऊफ ने छठे ओवर में बोल्ड किया। श्रीलंका को चौथा झटका धनंजय डिसिल्‍वा के रूप में लगा, जिन्होंने कुछ देर डटकर पाकिस्तानी गेंदबाजों का सामना किया। उन्होंने 21 गेंदों में 4 चौकों के जरिए 28 रन की पारी खेली। डिसिल्‍वा को इफ्तिखार अहमद ने आठवें में कॉट एंड बोल्ड किया।

भानुका राजपक्षे ने दो अहम साझेदारी कीं

श्रीलंका टीम को कप्तान दासुना शनाका से टिककर बल्लेबाजी की उम्मीथ थी लेकिन उन्होंने 3 गेंदों में केवल 2 रन बना पाए। शनाका को नौवें ओवर में शादाब खान ने बोल्ड किया। 58 के कुल स्कोर पर पांच विकेट गिरने के बाद भानुका राजपक्षे और वनिंदु हसरंगा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 58 रन की अहम साझेदारी की और श्रीलंका टीम को सैकड़े के पार पहुंचाया। हसरंगा 15वें ओवर में रऊफ का शिकार बने। उन्होंने विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को कैच थमाया। हसरंगा ने 21 गेंदों का सामना करने के बाद 36 रन जुटाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 1 छक्का ठोका।

हसरंगा के पवेलियन लौटने के बाद राजपक्षे ने चमिका करुणारत्ने ने के संग श्रीलंकाई पारी को आगे बढ़ाया। राजपक्षे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और टीम पर दबाव नहीं आने दिया। उन्होंने और करुणारत्ने ने सातवें विकेट के लिए 54 रन की अटूट पार्टनरशिप की। राजपक्षे ने 45 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत नाबाद 71 रन की पारी खेली। राजपक्षे को शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ मैच चुना गया। वहीं, करुणारत्ने ने 14 गेंदों में 1 छक्के के दम पर नाबाद 14 रन जोड़े।


एशिया कप के विजेताओं की लिस्ट: 


1.    1983- भारत
2.    1985- श्रीलंका
3.    1988- भारत
4.    1990- भारत
5.    1994- भारत
6.    1997- श्रीलंका
7.    2000- पाकिस्तान
8.    2004- श्रीलंका
9.    2008- श्रीलंका
10.    2010- भारत
11.    2011- पाकिस्तान
12.    2013- श्रीलंका
13.    2016- भारत (टी-20)
14.    2018- भारत
15.    2022- श्रीलंका (टी-20)

theviralnews.info

Check out latest viral news buzzing on all over internet from across the world. You can read viral stories on theviralnews.info which may give you thrills, information and knowledge.

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form