उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के फरेंदा सेंगर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह पड़ोसी के घर के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शक होने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलवाकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शक के आधार पर पड़ोस की महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मृत युवक के परिवार के लोगों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के फरेंदा सेंगर गांव के रहने वाले रामयज्ञ गांव के चौकीदार हैं। उनके बेटे दुर्गेश कुमार मुर्गी पालन करते थे। बुधवार की शाम दुर्गा मूर्ति विसर्जन में वह पंडुल घाट पर गए थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। शक होने पर गांव की एक महिला से परिवार वालों ने पूछा तो उसने इसके बारे में जानकारी होने से मना कर दिया
तब गांव के प्रधान अजय सिंह की सूचना पर महराजगंज चौकी प्रभारी ललितकांत यादव और सीओ कलवारी विनय कुमार चौहान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव वालों के सामने दरवाजा खोलवाया तो अंदर दुर्गेश का शव कमरे में पड़ा था। शरीर पर केवल अंडरवियर था। दुर्गेश कुमार अपने तीन भाइयों में मझले थे। बड़े भाई कृष्ण कुमार शिक्षक हैं। छोटे भाई राजा घर पर रहते हैं। दुर्गेश की शादी नहीं हुई थी।घटना से पिता रामयज्ञ, माता शोहरता देवी और दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता रामयज्ञ ने बताया कि संतोष की पत्नी शुभांती ने मेरे बेटे को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। काफी दिनों से वह उस पर कब्जा जमाए बैठी थी। मेरे द्वारा उसे रोके जाने पर उसने मुझे भी दो बार देख लेने की धमकी दिया था। मुझे पूरी आशंका है कि मेरे बेटे की हत्या की गई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी होते ही वहां गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने कमरे का दरवाजा खोल कर देखा तो सन्न रह गए। दुर्गेश की लाश फर्श पर पड़ी हुई थी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज ललितकांत यादव, थानाध्यक्ष कप्तानगंज सत्येंद्र कुंवर व क्षेत्राधिकारी कलवारी विनय कुमार चौहान फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, मृतक के पिता ने सुभांती पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपित महिला शुभांती व उसके तीन बच्चों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।