बस्ती : उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के रहने वाले युवा चित्रकार चन्द्र प्रकाश चौधरी ने बहुत ही कम समय में चित्रकला के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की है। आज वे भारत के नामचीन युवा चित्रकारों की सूची में शुमार हो चुके है।
जिन्हे आज कला के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देने के लिए के लिए राष्ट्र गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शांति फाउंडेशन गोण्डा की अध्यक्ष पिंकी देवी कार्यक्रम संयोजक सुनील कुमार आनंद के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर किया गया। अध्यक्ष पिंकी देवी ने चित्रकार की सराहना करते हुए कहा की ग्रामीण अंचल में एक किसान परिवार में रहते हुए चित्रकार चन्द्र प्रकाश चौधरी ने अपने संघर्ष और मेहनत के बल पर बड़ा मुकाम हासिल किया है ।
जो नव कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इसी वर्ष इन्हे राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बेटी बचाओ विषय पर उत्कृष्ट चित्रांकन के लिए मिशन शक्ति सम्मान 2023 से भी सम्मानित किया गया है।
चित्रकार चंद्र प्रकाश चौधरी ने अपने चित्रों के माध्यम से नारी शोषण, बेटी बचाओ, नशा मुक्ति पर्यावरण संरक्षण आदि विषयों में उत्कृष्ट चित्रांकन करके समाज को जागरूक करने का कार्य करते रहते हैं ।
बस्ती जनपद से खेल, साहित्य, चित्रकला तथा संगीत के क्षेत्र में कई लोगों ने राष्ट्रीय पटल पर बड़ा नाम कमाया है। इन्हीं में से एक नाम चन्द्र प्रकाश चौधरी का आता है जो आज चित्रकला के क्षेत्र में बस्ती जिले को सम्मान दिला रहे हैं।