उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ साल की बालिका के साथ एक किशोर द्वारा दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है। दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी गांव का ही 15 वर्षीय एक किशोर है। बालिका की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ बलात्कार, पाक्सो और एससीएसटी एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है।मुंडेरवा पुलिस ने बताया कि बालिका की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी किशोर के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मामले की विवेचना सीओ रुधौली स्तर से की जा रही है।
पीड़ित बालिका की मां के अनुसार उसकी पुत्री 28 फरवरी को दिन में करीब 11 बजे खेत की ओर गई थी, जहां गांव के ही निवासी 15 वर्षीय एक किशोर उसे अकेली पाकर हाथ पकड कर गन्ने के खेत में खींच ले गया, वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित बालिका ने घर पहुंचकर अपनी मां को इस घटना की जानकारी दी। मामले की जानकारी होने पर परिजन सकते में आ गए। बालिका के साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों ने मुंडेरवा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित बालिका और उससे परिजनों से घटना की जानकारी ली।