मध्य प्रदेश में इंदौर के विजय नगर में किराए के घर में रहने वाली एक 25 साल की नव विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका एक कॉल सेंटर में काम करती थी। बताया जाता है कि करीब डेढ़ साल पहले ही उसने लव मैरिज की थी। शाम में पति पिज्जा लेकर लौटा तो अंदर के कमरे में पत्नी को फंदे पर लटकी मिली। वहीं आगे के कमरे में उसका छह माह का बच्चा खेल रहा था। फिलहाल सुसाइड नोट को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक स्वर्ण बाग कॉलोनी में रहने वाली साक्षी (25) पति राज पाठक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पति राज अपने दोस्त के साथ था। इस दौरान उसने साक्षी को मोबाइल पर कॉल किया और खाने के लिए पूछा। साक्षी ने उसे पिज्जा लेकर आने के लिए कहा। राज जब घर पहुंचा तो बेटा बाहर के कमरे में खेल रहा था। वही अंदर के कमरे में पत्नी को फंदे पर लटके देखा। राज ही पत्नी को फंदे से उतार कर एमवाय अस्पताल लेकर आया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नहीं मिला सुसाइड नोट
राज ने बताया कि साक्षी और उसकी मुलाकात एक कॉल सेंटर में हुई। दोनों ही वहां पर जॉब करते थे। साक्षी का परिवार जबलपुर का रहने वाला है जबकि राज उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। कॉल सेंटर में काम करने के दौरान दोनों की मित्रता हुई और फिर दोनों ने शादी कर ली। इसके बाद उनका बेटा हुआ। पुलिस ने बताया कि अभी किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले में राज से पूछताछ करने के बाद और आसपास के लोगों के बयान लेने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने कहा कि दोनों के परिवारों के बयान भी लिए जाएंगे।