हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ से सनसनीखेज घटना सामने आई है। अफसर ऐसी ही घटनाओं की आशंका में कहते हैं कि किसी भी सूचना को छोटी न मानें। लेकिन, पुलिसकर्मी हैं कि सुधरने का नाम नहीं ले रहे। एक लड़की 2 दिन पहले थाने पहुंची थी। उसने खुद की जान का खतरा बताया। पुलिस को बताया था कि गांव के ही एक युवक से नजदीकियां है। घरवाले इसी का विरोध कर रहे हैं। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार सुबह लड़की का गुपचुप अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। भाई पर उसकी बहन की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि भाई ने बहन की पहले हत्या की और श्मशान घाट पर ले जाकर आधी रात उसका अंतिम संस्कार कर दिया। गांव के एक व्यक्ति ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की सहायता से श्मशान घाट से सबूतों को इकट्ठा कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिवारजनों से गहनता से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल फरार है।
मामला हाफिजपुर क्षेत्र के गांव रामपुर का है। बताया जा रहा है कि एक भाई ने अपनी 23 वर्षीय बहन की गुरुवार की रात हत्या कर दी। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने शव का श्मशान घाट में शव जला दिया। इसी बीच ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने श्मशान घाट से सबूत लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
हापुड़ के रामपुर गांव निवासी रकम सिंह और उनकी पत्नी पप्पी की मौत हो गई थी। उनका बेटा अरुण मजदूरी करता है। अरुण के साथ उसकी बहन मीनाक्षी और सोनी भी रहती थीं। मीनाक्षी बीए सेकंड ईयर की स्टूडेंट थी। ग्रामीणों ने बताया कि मीनाक्षी की गांव के ही एक युवक से नजदीकियां थीं। अरुण और सोनी इसका विरोध करते थे। अकसर दोनों उसकी पिटाई करते थे।
गुरुवार देर रात भी भाई-बहन के बीच झगड़ा हुआ था। इसी दौरान मीनाक्षी की मौत हो गई। कुछ लोगों का कहना है कि चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई। जब तक गांव के बाकी लोगों को कुछ पता चलता अरुण अपने ताऊ के लड़के अनुज और अन्य दो लड़कों के साथ मिलकर मीनाक्षी का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया और कुछ सबूत जुटाए।