उत्तर प्रदेश में बस्ती मंडल के नवागत मंडलायुक्त अखिलेश सिंह सोमवार को बस्ती पहुंचे। उन्होंने यहां आयुक्त पद का कार्यभार ग्रहण किया। सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। बाद में उन्हें आयुक्त कार्यालय लाया गया।
आयुक्त अखिलेश सिंह इसके पहले सहारनपुर में जिलाधिकारी थे। वह 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करना ही अधिकारियों की पहली जिम्मेदारी है। सरकारी योजनाओं को पारदर्शी ढंग से संचालित कराना उनकी प्राथमिकता में है। आम फरियादी को तत्काल न्याय मिलना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में अधिकारियों की मदद से तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को समय भीतर पूरा करना अनिवार्य होगा। पर्यवेक्षण और निरीक्षण का कार्य विभागाध्यक्ष स्वयं करेंगे। इसकी नियमित समीक्षा होगी। जिलाधिकारी बस्ती प्रियंका निरंजन, संतकबीर नगर के डीएम संदीप कुमार एवं सिद्धार्थनगर के डीएम संजीव रंजन, एसपी बस्ती गोपाल कृष्ण चौधरी, संतकबीरनगर के एसपी सत्यजीत गुप्ता एवं सिद्धार्थनगर के एसपी अमित कुमार आनंद आदि अधिकारियों ने आयुक्त को बुके देकर उनका स्वागत किया।
2020 में संभाली थी सहारनपुर की कमान
डीएम अखिलेश सिंह आजाद भारत के बाद के ऐसे डीएम है, जिन्होंने सहारनपुर में अपना 38 माह 23 दिन का सफल कार्यकाल पूरा किया है। अब उन्हें बस्ती का कमिश्नर बनाया है। उन्होंने 26 फरवरी 2020 को जिले की कमान संभाली थी। कोरोना के दो वर्ष, त्रिस्तरीय पंचायत और विधानसभा चुनाव को सफलता पूर्वक कराया। कोरोना काल में भी लोगों के बीच उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई।